The Hundred: नीलामी में 14 पाकिस्तानी खिलाड़ी शामिल, क्या भारतीय फ्रेंचाइजी लगाएंगी बोली या फिर होगी किरकिरी?
इंग्लैंड की प्रतिष्ठित लीग 'द हंड्रेड' की इस साल की नीलामी सूची में 14 पाकिस्तानी पुरुष खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। 247 खिलाड़ियों की लंबी सूची में पाकिस्तान की मजबूत मौजूदगी ने एक नई बहस छेड़ दी है कि क्या भारतीय मालिकाना हक वाली फ्रेंचाइजियां इन खिलाड़ियों पर बोली लगाएंगी? या पिछले साल की तरह इस बार भी पाकिस्तानी खिलाड़ियों की किरकिरी होगी। आइए पूरा मामला जानते हैं...
रिपोर्ट में पाकिस्तानी खिलाड़ियों को लेकर खुलासा
दरअसल, पिछले महीने द हंड्रेड को लेकर एक नई रिपोर्ट ने क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी थी। खबर थी कि जिन टीमों में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) फ्रेंचाइजियों की हिस्सेदारी है, वे अगले महीने होने वाली नीलामी में किसी भी पाकिस्तानी खिलाड़ी पर बोली नहीं लगाएंगी। यह दावा बीबीसी की रिपोर्ट में किया गया थी, जिसमें एक खिलाड़ी एजेंट के हवाले से इसे 'अलिखित नियम' बताया गया। 'अलिखित नियम' वे प्रतिबंध या दिशा-निर्देश हैं, जो कहीं लिखे नहीं होते और न ही औपचारिक रूप से बताए जाते हैं, लेकिन लोग इन्हें मौन सहमति से स्वीकार करते हैं। इन्हें 'अनकहे नियम' भी कहते हैं। इसे 'शैडो बैन' भी कहा जा रहा है।
भारतीय निवेश और पाकिस्तानी खिलाड़ियों की स्थिति
दुनियाभर की टी20 लीगों में यह पहले भी देखा गया है कि जहां भारतीय निवेश या आईपीएल मालिकों की सीधी भागीदारी होती है, वहां पाकिस्तानी खिलाड़ियों की एंट्री नहीं होती। उदाहरण के तौर पर आईपीएल में 2008 के पहले सीजन के बाद कोई पाकिस्तानी खिलाड़ी नहीं खेला। दक्षिण अफ्रीका की एसए20 की सभी छह टीमें आईपीएल समूहों के स्वामित्व में हैं और वहां भी पाकिस्तानी खिलाड़ी नहीं दिखे। यूएई की आईएलटी20 में भी यही स्थिति रही है। अब द हंड्रेड की आठ में से चार टीमों में आईपीएल फ्रेंचाइजी मालिकों की हिस्सेदारी आ चुकी है, जो एक अक्तूबर 2025 से प्रभावी हुई। रिपोर्ट के मुताबिक ये टीमें पाकिस्तानी खिलाड़ियों पर बोली नहीं लगाएंगी।
किन टीमों में है IPL मालिकों की हिस्सेदारी?
रिपोर्ट में जिन टीमों का नाम सामने आया है, उनमें शामिल हैं:
- मैनचेस्टर सुपर जाएंट्स
- साउदर्न ब्रेव
- एमआई लंदन
- सनराइजर्स लीड्स
'शैडो बैन' की चर्चा क्यों?
रिपोर्ट में भू-राजनीतिक तनाव को देखते हुए शैडो बैन की आशंकाएं जताई गईं। इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने एक एजेंट को संकेत दिया कि उसके पाकिस्तानी खिलाड़ियों में रुचि केवल उन टीमों तक सीमित हो सकती है, जिनका आईपीएल से कोई संबंध नहीं है। ऐसे में गिने चुने खिलाड़ियों को ही जगह मिल सकती है। हालांकि इस पर इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड और द हंड्रेड टीमों ने संयुक्त बयान जारी किया। बयान में कहा गया, 'किसी भी खिलाड़ी को उसकी राष्ट्रीयता के आधार पर बाहर नहीं किया जाएगा।' ईसीबी ने यह भी स्पष्ट किया कि चयन केवल प्रदर्शन, उपलब्धता और टीम की जरूरतों के आधार पर होगा।
टॉप 50 में छह पाकिस्तानी खिलाड़ी
पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हारिस रऊफ को 'मार्की प्लेयर्स इंटरनेशनल' श्रेणी में रखा गया है, जिनकी बेस प्राइस एक लाख पाउंड तय किया गया है। उनके साथ एडन मार्करम, डेविड मिलर, डेरिल मिचेल और सुनील नरेन जैसे बड़े नाम भी शामिल हैं। इस बार टॉप 50 हीरो सूची में छह पाकिस्तानी खिलाड़ी शामिल हैं। रऊफ के अलावा शाहीन अफरीदी, शादाब खान और उस्मान तारिक टियर-1 में हैं। वहीं सैम अयूब और अबरार अहमद टियर-2 में रखे गए हैं, जिनमें अयूब ने सबसे ऊंची रिजर्व प्राइस चुनी है। टॉप 50 में किसी भी विदेशी देश से सबसे ज्यादा प्रतिनिधित्व पाकिस्तान का है, जो दक्षिण अफ्रीका से भी एक ज्यादा है।
पिछले साल क्या हुआ था?
पिछले साल द हंड्रेड में पाकिस्तानी खिलाड़ियों की किरकिरी हुई थी। 2025 के ड्राफ्ट में एक भी पाकिस्तानी खिलाड़ी को कॉन्ट्रैक्ट नहीं मिला था। यह 2021 में प्रतियोगिता शुरू होने के बाद पहली बार हुआ था। उस समय 50 पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने नाम दर्ज कराया था। हालांकि, 2024 सीजन में नसीम शाह, मोहम्मद आमिर, हारिस रऊफ और उसामा मीर जैसे खिलाड़ी खेले थे। 2023 में शादाब खान सहित छह पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था।
उपलब्धता भी बड़ी चुनौती
इस साल द हंड्रेड का कार्यक्रम पाकिस्तान की टेस्ट सीरीज से टकरा रहा है। ऐसे में केंद्रीय अनुबंध वाले खिलाड़ियों की उपलब्धता पर असर पड़ सकता है। यही कारण है कि फ्रेंचाइज़ियां बोली लगाने से पहले कार्यक्रम और उपलब्धता को ध्यान में रखेंगी।
क्या भारतीय मालिक बोली लगाएंगे?
अब नजरें इस बात पर टिकी हैं कि भारतीय मालिकाना हक वाली टीमें पाकिस्तानी खिलाड़ियों पर दांव लगाती हैं या नहीं। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि यदि चयन पूरी तरह क्रिकेटिंग कारणों से होगा, तो प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को नजरअंदाज करना मुश्किल होगा। दूसरी ओर, राजनीतिक और कारोबारी समीकरण भी अहम भूमिका निभा सकते हैं। नीलामी के दिन यह साफ हो जाएगा कि शैडो बैन की चर्चा महज अटकल थी या उसमें कुछ सच्चाई थी।
काशी में एमपी-यूपी समन्वय: सीएम मोहन यादव ने तीर्थ प्रबंधन प्रणाली का लिया जायजा
भवानीपुर में सियासी जंग: बंगाल चुनाव में बीजेपी का रणनीतिक कदम
CSK के लिए शुरुआती झटका, पहले मैच में दिखी टीम की कमजोरी
सरेंडर नक्सली चुनाव लड़ सकते हैं? पर्यटन मंत्री अग्रवाल का रुख साफ
होटल कमरा मिला खाली, इंजीनियर बेहोश, IPL टीम से थी कनेक्टेड
टीचिंग इलेक्टिव टेस्ट (TET) को लेकर शिक्षक संगठनों का गुस्सा बढ़ा
देहरादून में हत्याकांड और फायरिंग मामले में कार्रवाई, चार गिरफ्तार और बार पर लगाया ताला
सीएम नीतीश का प्रतिक्रिया: मघड़ा मंदिर हादसे में राहत एवं मुआवजे के निर्देश
कम सवारियों से जूझ रही जबलपुर-चांदाफोर्ट ट्रेन, रूट विस्तार की मांग तेज
कई रणजी और IPL अनुभव वाले खिलाड़ी भी नीलामी में शामिल
475 रन वाला मैच याद है? पंजाब और गुजरात के हेड-टू-हेड रिकॉर्ड
बच्चों के आधार कार्ड बनाने के लिए 500 से ज्यादा ऑपरेटर्स तैनात
इस्फ़हान में अमेरिकी एयर स्ट्राइक: 1,000 किलोग्राम बंकर बस्टर बम गिराया गया
मुस्लिम-दलित वोट को साधने का बड़ा दांव, बंगाल में राजनीतिक खेल बदल सकता है
हिडमा विवाद पर बढ़ी राजनीति, राहुल गांधी के बयान पर बीजेपी का पलटवार
अरविंद केजरीवाल की नसीहत: सत्ता में बैठे लोगों के लिए चेतावनी या कटाक्ष?
युवाओं के लिए चेतावनी: चक्कर को नजरअंदाज करना पड़ सकता है भारी
खुलेआम हत्या से दहला शहर, पुलिस की मौजूदगी पर उठे सवाल
फर्जी SMS से हो रही ठगी, पुलिस ने जारी की जरूरी गाइडलाइन
राज्य में अब कुल 1752 ऑनलाइन सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं